Chat with Us Chat with us
शक्ति और विश्व की प्रमुख देवी परम्पराएँ: एक तुलनात्मक दार्शनिक, सांस्कृतिक एवं मनोवैज्ञानिक अध्ययन

शक्ति और विश्व की प्रमुख देवी परम्पराएँ: एक तुलनात्मक दार्शनिक, सांस्कृतिक एवं मनोवैज्ञानिक अध्ययन

लेखक- डॉ० सुधाँशु कुमार

शक्ति भारतीय दार्शनिक, आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक परम्परा का एक मूलभूत सिद्धान्त है, जो सृष्टि, चेतना, ऊर्जा तथा अस्तित्व की गतिशील प्रक्रिया को अभिव्यक्त करता है। भारतीय चिंतन में शक्ति केवल देवी-उपासना का विषय नहीं, बल्कि ब्रह्माण्ड की सृजनात्मक प्रक्रिया, प्रकृति की क्रियाशीलता तथा मानव-अनुभव की अंतर्निहित चेतना का दार्शनिक आधार है। वैदिक साहित्य में उषस्, अदिति, वाक् तथा सरस्वती के रूप में शक्ति को प्रकाश, ज्ञान, सृजन तथा ब्रह्माण्डीय व्यवस्था (cosmic order) की अधिष्ठात्री सत्ता माना गया है, जबकि उपनिषद (Upanishads), पुराण (Puranas) और तन्त्र (Tantras) इसे माया (maya), चिति (chiti), परा-प्रकृति (para-prakriti) तथा ब्रह्म-शक्ति (brahma-shakti) के रूप में दार्शनिक विस्तार प्रदान करते हैं।

यह शोधग्रंथ आदि-शक्ति की अवधारणा का एक व्यापक, अंतर्विषयी (interdisciplinary) एवं तुलनात्मक (comparative) अध्ययन प्रस्तुत करता है। अध्ययन से स्पष्ट होता है कि शक्ति-तत्त्व केवल भारतीय परम्परा तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक मानव-चेतना में विद्यमान एक सार्वभौमिक स्त्री-आद्यरूप (feminine archetype) के रूप में विभिन्न सभ्यताओं में अभिव्यक्त हुआ है। मिस्र की आइसिस (Isis), यूनान की गैया (Gaia), सुमेर की इनान्ना –इश्तर (Inanna–Ishtar), तिब्बती तारा (Tara) तथा अनातोलिया की शाहमारान (Shahmaran) जैसी देवी-परम्पराएँ स्त्री-ऊर्जा, ज्ञान, करुणा, संरक्षण, पुनर्जीवन तथा रूपांतरण के सार्वभौमिक आयामों को अभिव्यक्त करती हैं।

विशेषतः शाहमारान (Shahmaran) स्त्री-प्रज्ञा (feminine wisdom), सर्प-शक्ति (serpentine power), आरोग्य (healing), पारिस्थितिक सामंजस्य (ecological harmony) तथा अंतर्ज्ञानात्मक बोध (intuitive insight) की विशिष्ट मिथकीय अभिव्यक्ति है। शोध यह भी दर्शाता है कि शक्ति-दर्शन स्त्री-स्वाधीनता, सामाजिक न्याय, मनोवैज्ञानिक रूपांतरण (psychological transformation), पर्यावरणीय संतुलन तथा सामुदायिक प्रतिरोध (healing-based resistance) के लिए एक सशक्त वैचारिक आधार प्रदान करता है। समग्रतः आदि-शक्ति आध्यात्मिकता, मानव-चेतना, प्रकृति और सामाजिक परिवर्तन को एकीकृत करने वाला समन्वित दार्शनिक प्रतिमान है।

समकालीन परिप्रेक्ष्य में शक्ति-दर्शन केवल धार्मिक या आध्यात्मिक अवधारणा नहीं रह जाता, बल्कि नारीवादी विमर्श (feminist discourse), गहन मनोविज्ञान (depth psychology), पारिस्थितिक चेतना (ecological consciousness) तथा सामाजिक परिवर्तन (social transformation) के लिए एक प्रासंगिक वैचारिक प्रतिमान के रूप में उभरता है। यह स्त्री को निष्क्रिय सत्ता के बजाय सृजनात्मक, स्वायत्त एवं परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित करता है तथा मानव, प्रकृति और समाज के मध्य संतुलित एवं सहअस्तित्वपरक संबंधों की स्थापना का दार्शनिक आधार प्रदान करता है। इस प्रकार शक्ति की अवधारणा 21वीं शताब्दी की वैश्विक चुनौतियों—लैंगिक समानता, पर्यावरणीय संकट, मानसिक स्वास्थ्य और सामुदायिक पुनर्निर्माण—के संदर्भ में भी विशेष प्रासंगिकता रखती है।